
कोनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों के झुंड को कुचला, 9 की मौत और एक गंभीर घायल। हाईकोर्ट पहले ही सरकार और NHAI को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दे चुका है।

बिलासपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में 9 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोनी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर मवेशियों का झुंड मौजूद था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और गौसेवकों की टीम मौके पर पहुंची।
घायल मवेशी का कराया गया रेस्क्यू
गौसेवकों की मदद से घायल मवेशी का रेस्क्यू कर उसे उपचार के लिए गौशाला भेजा गया। वहीं मृत 9 मवेशियों का अंतिम संस्कार कराया गया।
एक साल में चौथी बड़ी घटना
बिलासपुर और आसपास के हाईवे पर पिछले एक वर्ष में मवेशियों के कुचलने की यह चौथी बड़ी घटना है। इससे पहले भी कई हादसों में दर्जनों गोवंश की मौत हो चुकी है, जिसके बाद हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार और NHAI को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
हाईकोर्ट पहले भी जता चुका है नाराजगी
सड़कों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका पर लगातार सुनवाई चल रही है। अदालत ने सरकार, NHAI और संबंधित विभागों को मवेशियों को हाईवे पर आने से रोकने, प्रभावी योजना बनाने और नियमित प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद लगातार हो रहे हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
ताजा हादसे के बाद सामाजिक संगठनों और गौसेवकों ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर गो-सुरक्षा फेंसिंग, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड लिमिट तय करने, चेतावनी संकेत लगाने, गो-एम्बुलेंस की व्यवस्था और आवारा मवेशियों के लिए स्थायी आश्रय एवं चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।










