
बलौदाबाजार। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक 26 वर्षीय शिक्षिका का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कुमारी काजल ठाकुर (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बलौदाबाजार के चांपा स्थित स्कूल में व्यवसायिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि उनकी नियुक्ति पिछले वर्ष संविदा शिक्षिका के रूप में हुई थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिक्षिका ने अपने कमरे में पंखे से चुनरी का फंदा बनाकर आत्महत्या की। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी विश्वसनीय परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर सहायता मिलना बहुत महत्वपूर्ण हो सकता है।








