
रायपुर। CG DASTAK
नवा रायपुर में पिछले चार वर्षों से केबल और लोहे के सामान की चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी रात के अंधेरे में निर्माणाधीन और सुनसान इलाकों को निशाना बनाकर केबल, रेलिंग, लोहे की छड़, सड़क किनारे लगे रॉड और रेलवे लाइन के पास की लोहे की पटरी तक चोरी कर लेते थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों कई पुराने चोरी के मामलों में भी शामिल रहे हैं।
पेट्रोलिंग टीम ने केबल काटते देखा
पुलिस के अनुसार सेक्टर-24 स्थित सतनाम चौक सहित नवा रायपुर के कई इलाकों से लगातार केबल और लोहे के सामान चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। 29 जून की रात करीब 2:45 बजे एनआरडीए की पेट्रोलिंग टीम ने राखी थाना क्षेत्र में दो युवकों को केबल काटते हुए देखा। टीम ने पीछा किया, लेकिन दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिले सुराग
ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों पर निगरानी रखी। जांच के बाद पुलिस ने विजय कुमार ठाकुर और विक्की सवरा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पिछले तीन से चार वर्षों से नवा रायपुर के निर्माणाधीन और सुनसान इलाकों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
रेलिंग से लेकर रेलवे पटरी तक बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई लोहे की छड़, एंगल, रेलिंग, सड़क किनारे लगे रॉड, रेलवे लाइन के पास से चोरी की गई लोहे की पटरी तथा केबल तार बरामद किए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों की संलिप्तता नवा रायपुर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी रही है या नहीं।
गिरफ्तार आरोपी
विजय कुमार ठाकुर (30), निवासी ग्राम पलोद, थाना मंदिर हसौद।
विक्की सवरा (30), मूल निवासी ग्राम पटेवा, थाना अभनपुर, वर्तमान निवासी ग्राम पलोद, थाना मंदिर हसौद।










