
धमतरी CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के पुराना मंडी इलाके में रविवार देर रात एक टायर दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा टायर, मशीनें और अन्य सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने आग की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी और अंदर रखा अधिकांश सामान नष्ट हो गया था।
राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक दिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दुकान मालिक को इस घटना में लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।










