दुर्ग में फिल्मी स्टाइल किडनैपिंग: 2 युवकों का अपहरण कर 5 घंटे तक बनाया बंधक, मारपीट कर लूटे नकदी, मोबाइल और स्कूटी

0
31

दुर्ग। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दो युवकों के अपहरण, मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में दोनों युवकों को अगवा कर करीब पांच घंटे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, नकदी, मोबाइल, चांदी के जेवर और स्कूटी लूट ली गई। इतना ही नहीं, पेटीएम के जरिए उनके खाते से भी रकम ट्रांसफर करा ली गई। पुलिस ने मामले में दो बालिग और चार नाबालिग समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

स्कूटी खराब होने के बाद शुरू हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र निवासी दो युवक 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आए थे। दोनों अलग-अलग बाइक और स्कूटी से पहुंचे थे। तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक के पास उनकी स्कूटी खराब हो गई।

इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने स्कूटी खरीदने की बात कही। जब कागजात मांगे गए और तत्काल नहीं दिखाए जा सके तो आरोपियों ने स्कूटी को चोरी की बताते हुए अपने चार अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।

पांच घंटे तक बंधक बनाकर की मारपीट

आरोपियों ने दोनों युवकों को जबरन अपने साथ ले जाकर सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर के पास मारपीट की। इसके बाद उन्हें शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाते रहे।

पीड़ितों से तीन चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट, दो मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद और बिना नंबर की एक्टिवा छीन ली गई।

Paytm से ट्रांसफर कराए 18 हजार रुपये

आरोपियों ने पीड़ितों से पेटीएम का पिन पूछकर उनके खाते से 18,180 रुपये दूसरे क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी वे दोनों युवकों को धमकाते रहे।

चाकू दिखाकर जबरन बनवाया वीडियो

आरोपियों ने दोनों युवकों को नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक और दुर्ग के अन्य इलाकों में घुमाने के बाद पुलगांव चौक के पास चाकू दिखाकर एक वीडियो बनवाया। वीडियो में दोनों युवकों से जबरन यह कहलवाया गया कि वे चोरी की स्कूटी बेचने आए थे।

6 आरोपी गिरफ्तार, 4 नाबालिग शामिल

पीड़ितों की शिकायत के बाद सुपेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बालिग आरोपियों सोहेल खान और अरजद सहित चार नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here