दुर्ग में नशीली गोलियों के कारोबार का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग भी हिरासत में

0

दुर्ग। CG DASTAK 

जिले में नशीली गोलियों की अवैध बिक्री के खिलाफ उतई थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम डुंडेरा के गायत्री नगर में कुछ लोग नशीली टेबलेट बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा (27) और एक नाबालिग को मौके से पकड़ा। पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों तक भी पुलिस पहुंची।

71 पत्तों में 1065 नशीली गोलियां बरामद

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 71 पत्तों में 1065 अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद की गईं। इसके अलावा नशीली गोलियों की बिक्री से प्राप्त 3500 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, बरामद टेबलेट को जांच के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के पास भेजा गया था, जहां जांच में इनके प्रतिबंधित नशीली दवा होने की पुष्टि हुई।

पूछताछ में सामने आया पूरा नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि ये टेबलेट मरौदा निवासी इब्राहिम अली खान, घनश्याम गुप्ता, देवेंद्र निर्मलकर और जीतू नायक से खरीदकर बिक्री के लिए लाए थे। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें भी गिरफ्तार किया।

NDPS Act के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने मामले में NDPS Act की धारा 22 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशीली टेबलेट अवैध तरीके से हासिल कर उन्हें बेचकर पैसा कमाते थे।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा (27), जीतू नायक उर्फ पोतरा (19), इब्राहिम अली खान (46), देवेंद्र निर्मलकर (24) और घनश्याम गुप्ता (30) को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अपचारी बालक को भी विधि के अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशीली दवाओं की सप्लाई के स्रोत के संबंध में भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here