दिन-रात दारू भट्टी के सामने डटे ग्रामीण: गैंदाटोला में 7 दिनों से जारी आंदोलन, महिलाओं-बच्चियों की सुरक्षा को लेकर फूटा गुस्सा

0
21

डोंगरगढ़/गैंदाटोला। CG DASTAK 

ग्राम गैंदाटोला में संचालित देशी-विदेशी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले 6 से 7 दिनों से ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे दारू भट्टी के सामने दिन-रात धरने पर बैठे हुए हैं। भीषण गर्मी और धूप के बावजूद आंदोलनकारी अपनी मांगों पर डटे हुए हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि शराब दुकान को पूरी तरह बंद नहीं बल्कि वर्तमान स्थान से हटाकर किसी अन्य जगह शिफ्ट किया जाए, ताकि गांव के लोगों को होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

मुख्य मार्ग पर शराब दुकान, महिलाओं-बच्चियों को हो रही परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि गैंदाटोला स्थित शराब दुकान मुख्य मार्ग पर संचालित हो रही है और यह ग्राम नून्हाटोला के बेहद करीब है। इसी रास्ते से स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राएं और महिलाएं रोजाना गुजरती हैं। आरोप है कि शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे महिलाओं और बच्चियों को छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणियों और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है और बच्चों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है।

आंदोलन को मिल रहा जनसमर्थन

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा लगातार मौजूद हैं। आंदोलनकारियों ने सड़क किनारे पंडाल लगाकर वहीं भोजन और रुकने की व्यवस्था कर ली है। दिन-रात चल रहे इस आंदोलन को क्षेत्र के कई सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिल रहा है।

पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू का समर्थन

इस आंदोलन को खुज्जी विधानसभा की पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू का भी खुला समर्थन मिला है। उन्होंने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

प्रशासन से समाधान की उम्मीद

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक शराब दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर गांव में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here