तमनार हिंसा मामला: महिला थाना प्रभारी से बदसलूकी के मुख्य आरोपी चित्रसेन साव गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

0
68

रायगढ़ | CG DASTAK

रायगढ़ जिले के तमनार में धरना-प्रदर्शन के दौरान महिला थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों से मारपीट और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायगढ़ पुलिस ने इस प्रकरण के मुख्य आरोपी चित्रसेन साव को गिरफ्तार कर शहर में जुलूस निकालते हुए सार्वजनिक रूप से पेश किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
पुलिस ने आरोपी के मुंह पर कालिख पोतकर, जूते-चप्पलों की माला पहनाई और हेमू कालानी चौक से जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिस द्वारा पटाखे फोड़े गए, जिसे पुलिसकर्मियों पर हुए हमले का प्रतीकात्मक जवाब बताया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, गारे–पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान को लेकर
8 दिसंबर 2025 को धौराभांठा बाजार मैदान में जनसुनवाई आयोजित की गई थी। इसके विरोध में प्रभावित 14 गांवों के ग्रामीणों ने 12 दिसंबर से सीएचपी चौक, लिब्रा में आर्थिक नाकेबंदी कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

27 दिसंबर को भड़की हिंसा

27 दिसंबर 2025 को जब पुलिस-प्रशासन मार्ग खुलवाने मौके पर पहुंचा, तो प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। स्थिति बिगड़ते ही भीड़ ने पुलिस बल पर पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान—

  • कई पुलिसकर्मी घायल हुए
  • महिला थाना प्रभारी और महिला आरक्षकों के साथ मारपीट
  • गाली-गलौज, कपड़े फाड़ने और अभद्र व्यवहार
  • सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनीजैसी गंभीर घटनाएं सामने आईं।

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद तमनार थाना में आरोपियों के खिलाफ
धारा 109, 74, 76, 296, 351(2), 115(2), 221, 132, 309(4), 309(6), 3(5) भा.न्या.सं.
एवं आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश तेज की।

अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी चित्रसेन साव सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है—

  • चित्रसेन साव (मुख्य आरोपी)
  • मंगल राठिया
  • चिनेश खमारी
  • प्रेमसिंह राठिया
  • कीर्ति श्रीवास (सभी निवासी ग्राम आमगांव)
  • वनमाली राठिया (निवासी ग्राम झरना)

सोमवार को चित्रसेन साव की गिरफ्तारी के बाद जुलूस निकालकर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिला पुलिसकर्मियों पर हमले और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here