गनियारी हत्या कांड का खुलासा: पत्नी से हंसी-मजाक बना मौत की वजह, कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार

0
100

कोरबा | CG DASTAK

कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में सोमवार को हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा ली है। डॉग स्क्वायड की मदद से पुलिस ने आरोपी जयशंकर को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

घर के पास मिला था खून से लथपथ शव

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नंदकुमार पटेल का रक्तरंजित शव उसके घर से कुछ दूरी पर जयशंकर के घर की बाड़ी के पास आंगन में पड़ा हुआ देखा। शव के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया।

डॉग स्क्वायड ‘बाघा’ ने खोला राज

जांच के दौरान डॉग स्क्वायड के श्वान ‘बाघा’ ने शव से गंध लेकर सीधे पड़ोसी जयशंकर के घर तक पहुंचकर पुलिस को अहम सुराग दिया। इसके बाद पुलिस ने जयशंकर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
पत्नी से बातचीत पर भड़का आरोपी, कुल्हाड़ी से की हत्या
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक नंदकुमार पटेल का आरोपी के घर आना-जाना था। बताया जा रहा है कि वह जयशंकर की पत्नी से हंसी-मजाक और छींटाकशी करता था।
रविवार रात जब जयशंकर घर लौटा, तो उसने नंदकुमार को अपनी पत्नी से बातचीत और मस्ती करते हुए देख लिया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गया।
आरोप है कि गुस्से में जयशंकर नंदकुमार को बाड़ी की ओर ले गया और कुल्हाड़ी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे नंदकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों परिवारों में मातम

मृतक नंदकुमार पटेल विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं। वहीं आरोपी जयशंकर भी शादीशुदा है और उसके भी बच्चे हैं। इस घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस का बयान

कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि—
“हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार की जब्ती की जा रही है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here