
रायपुर। CG DASTAK
सूरजपुर में रपटा पुल बहा, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा; बिलासपुर में 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
🌊 सूरजपुर में टूटा पुल, दर्जनों गांवों का संपर्क कटा
लगातार बारिश के चलते सूरजपुर जिले की गोबरी नदी पर बना रपटा पुल बह गया, जिससे डबरीपारा, बासापारा, शिवप्रसाद नगर समेत दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल महज एक महीने पहले ही बनाया गया था।
⚡ आकाशीय बिजली से 2 बच्चों की मौत
सरगुजा जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चे झुलस गए। इनमें से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो सगे भाइयों का अस्पताल में इलाज जारी है।
🏠 125 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया
जांजगीर-चांपा जिले के कर्सा नाला जलाशय का एक हिस्सा बह जाने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एहतियात के तौर पर 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।
🚧 बिलासपुर में बाढ़ जैसे हालात
लगातार बारिश से बिलासपुर में 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नेशनल हाईवे-49 पर कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।
🌧️ अगले 48 घंटे भारी
मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों को नदी-नालों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।










