
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली नगर के निवासी जगजीत आहूजा ने फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बैंगलोर में आयोजित प्रतिष्ठित ‘WNBF (World Natural Bodybuilding Federation) India 2026’ प्रतियोगिता में जगजीत आहूजा ने अपनी मेहनत और अनुशासन के दम पर तीन पदक जीतकर न केवल अपने शहर का, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया है।
इस बड़ी प्रतियोगिता में जगजीत आहूजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि WNBF जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की नेचुरल बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में इतनी बड़ी सफलता हासिल करने वाले वे महासमुंद जिले ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के पहले एथलीट बन गए हैं।
अनुशासन और मेहनत का परिणाम
सरायपाली जैसे छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले जगजीत की यह जीत उन युवाओं के लिए एक बड़ी मिसाल है जो खेल और फिटनेस के क्षेत्र में अपना भविष्य तलाश रहे हैं। बिना किसी शॉर्टकट के, पूर्णतः ‘नेचुरल’ बॉडीबिल्डिंग की राह चुनकर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।










