खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी की कार्यप्रणाली की होगी जांच: व्यापारियों की शिकायत पर कलेक्टर ने बनाई तीन सदस्यीय समिति

0
5

राजनांदगांव। CG DASTAK 

जिले के विभिन्न व्यापारी एवं व्यावसायिक संगठनों द्वारा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी तरुण बिरला के कार्य व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर की गई शिकायतों पर कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति को सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

व्यापारियों ने लगाए उत्पीड़न के आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, थोक किराना व्यापारी संघ, होटल हलवाई संघ, फूड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सहित अन्य व्यापारी संगठनों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि अभिहित अधिकारी तरुण बिरला की कार्यप्रणाली के कारण व्यापारियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित एवं परेशान किया जा रहा है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि इससे जिले के व्यापारिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

सात दिनों में सौंपनी होगी रिपोर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति शिकायतों में लगाए गए आरोपों की बिंदुवार जांच करेगी। इसके लिए संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा।

कलेक्टर ने समिति को निर्देश दिए हैं कि तथ्यात्मक जांच प्रतिवेदन, स्पष्ट अभिमत एवं आवश्यक अनुशंसाओं सहित अपनी रिपोर्ट सात दिवस के भीतर कलेक्टर कार्यालय, राजनांदगांव में प्रस्तुत करें।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक प्रशासनिक निर्णय और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here