
खड़गवां/एमसीबी। CG DASTAK
एमसीबी जिले के विकासखंड खड़गवां में देशभक्ति के रंग में रंगा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल खड़गवां से हुई। यात्रा गजमरवा पारा और होंडा शोरूम होते हुए करीब 2 किलोमीटर का सफर तय कर जनपद ग्राउंड पहुंची। इसके बाद जनपद पंचायत कार्यालय के सामने यात्रा का समापन हुआ, जहां कार्यक्रम आमसभा में तब्दील हो गया।
हाथों में तिरंगा लेकर मंत्री ने तय किया 2 किलोमीटर का सफर
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल खुद हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए और आम जनता, बच्चों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर पैदल चले। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मंत्री का स्वागत किया।
यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला महामंत्री द्वारिका प्रसाद जायसवाल, पूर्व एवं वर्तमान मंडल अध्यक्ष धनंजय पांडे और अरुणोदय पांडे, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ, बीएमओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
छात्राओं को मिली निशुल्क साइकिल
जनपद ग्राउंड में आयोजित समापन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हाईस्कूल की छात्राओं को निशुल्क साइकिलें वितरित कीं। मंत्री ने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों से स्कूल आने वाली बेटियों के लिए शिक्षा की राह आसान होगी और उन्हें पढ़ाई के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं की मौजूदगी में नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी अपने हाथों से कराया।
तिरंगे के गौरव और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तिरंगे के गौरव, देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत कर रहा है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र निर्माण और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान देने का संकल्प भी दिलाया।
स्थान: खड़गवां, जिला एमसीबी, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर:अशोक कुमार










