
रायपुर। CG DASTAK
पुलिस पर पत्थर, बोतल और जूते फेंकने का आरोप, कई पुलिसकर्मी हुए घायल; वीडियो फुटेज के आधार पर जांच जारी।
रायपुर। भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के दौरान हुए बवाल के मामले में पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है। इस बार खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान राजीव भवन के सामने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय की ओर से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता बैरिकेडिंग की तरफ बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर कार्यकर्ताओं ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते फेंके। इस घटना में पीएसआई देवराज सिंह के सिर में चोट आई, जबकि महिला आरक्षक सीमा बंजारे के हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा अन्य पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की बात कही गई है।
पुलिस का कहना है कि इस घटना से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया गया।
एफआईआर में कांग्रेस नेताओं सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी समेत अन्य कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है।
सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 191 और 221 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों के नाम भी मामले में जोड़े जा सकते हैं।










