
कांकेर। CG DASTAK
सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई; ₹2,400 नकद, सट्टा-पट्टी और मोबाइल बरामद
कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उजियारा अभियान के तहत सिटी कोतवाली कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक 8 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोखलामांझी, अन्नपूर्णापारा कांकेर क्षेत्र में एक व्यक्ति विभिन्न अंकों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
सट्टा-पट्टी लिखते पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को विभिन्न अंकों के सामने रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कमलेश सोनी पिता अशोक, उम्र 41 वर्ष, निवासी अन्नपूर्णापारा कांकेर बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3 नग सट्टा-पट्टी, एक नीले रंग का डाट पेन, ₹2,400 नकद और रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने मोबाइल की कीमत ₹10,000 बताई है। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹12,400 बताई गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अपराध क्रमांक 312/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा सट्टा खेलने और खिलाने की बात स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन और एसडीओपी हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू सहित थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए अपराधिक हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है।









