
कांकेर। CG DASTAK
गणेश पंडालों में CCTV, फायर एक्सटिंग्विशर और अलग प्रवेश-निकास की व्यवस्था अनिवार्य; विसर्जन में निर्धारित रूट और समय का करना होगा पालनगणेश उत्सव को लेकर कांकेर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में पुलिस-प्रशासन और गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में आयोजित हुई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, एसडीओपी हरीश पाटिल, एसडीएम सरस्वती बंजारे और थाना प्रभारी कांकेर जितेंद्र कुमार साहू सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ को व्यवस्थित रखने और पंडालों के आसपास यातायात को सुचारू बनाए रखना रहा।
पंडालों की सुरक्षा को लेकर खास निर्देश
पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों को पंडालों की स्थापना और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। समितियों से कहा गया कि ऐसे स्थानों पर पंडाल न लगाए जाएं, जहां से विद्युत तार गुजरते हों या आसपास ट्रांसफार्मर स्थित हो।

आगजनी की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पंडालों में फायर एक्सटिंग्विशर, प्राथमिक उपचार पेटी और आवश्यक दवाइयां रखने के निर्देश दिए गए।
बड़े गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने को कहा गया। पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने और उन्हें पहचान-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला वालंटियर की तैनाती और भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
CCTV और आपातकालीन नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश
पुलिस ने गणेश पंडालों में CCTV कैमरे लगाने पर भी जोर दिया। इसके अलावा पंडाल में नजदीकी अस्पताल, पुलिस थाना, फायर ब्रिगेड और अन्य जरूरी आपातकालीन संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
प्रसाद वितरण और भीड़ प्रबंधन की होगी व्यवस्था
दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने और पंडाल के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने को कहा गया है।
प्रसाद वितरण के लिए भी अलग स्थान निर्धारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
गणेश उत्सव के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने समितियों को पंडालों के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने को कहा है। मुख्य सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन पार्क करने पर रोक रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता हमेशा खुला रहना चाहिए।
विसर्जन के दौरान भी नियमों का करना होगा पालन
गणेश विसर्जन को लेकर भी समितियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट, स्थान और समय का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
डीजे का उपयोग निर्धारित नियमों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप करने की समझाइश दी गई। साथ ही विसर्जन के दौरान नशे का सेवन नहीं करने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन झांकी में धारदार हथियार या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु लेकर चलने पर रोक रहेगी। समितियों को निर्धारित क्रम और लाइन में चलने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
पुलिस और प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित तरीके से पर्व मनाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस-प्रशासन और समितियों के आपसी समन्वय से कांकेर में गणेश उत्सव श्रद्धा, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।









