
रायपुर। CG DASTAK
जनवरी से जून 2026 के बीच 55 सड़क हादसों में तत्काल पहुंची टीम, 4 नए आधुनिक पेट्रोलिंग वाहन मिलने से और मजबूत हुई व्यवस्था।

रायपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर सड़क सुरक्षा और त्वरित राहत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग टीम लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। जनवरी से जून 2026 के बीच टीम ने 55 सड़क दुर्घटनाओं में तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य किया और 52 घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम सबसे पहले घटनास्थल पहुंचती है। टीम प्राथमिक उपचार देने के साथ घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाती है और दुर्घटनास्थल पर यातायात को सुचारू बनाने का कार्य भी करती है।
6,359 अवैध पार्किंग वाले वाहन हटाए
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने जून तक 6,359 अवैध पार्किंग वाले वाहनों को हटाया। इसके अलावा सड़क पर घूम रहे 833 मवेशियों को भी सुरक्षित हटाकर दुर्घटनाओं की आशंका कम की गई। जाम की स्थिति बनने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया।
4 नए आधुनिक हाईवे पेट्रोल वाहन मिले
यातायात व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने जून माह में रायपुर ट्रैफिक पुलिस को 4 नए आधुनिक हाईवे पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए हैं। इन वाहनों में आवश्यक आपातकालीन उपकरण मौजूद हैं, जिससे दुर्घटनाओं की सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव कार्य पहले से अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगा।

NH-53 को 4 सेक्टर में बांटकर 24 घंटे निगरानी
खारून नदी पुल से महानदी पुल तक NH-53 को चार सेक्टरों में विभाजित कर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। डीएसपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में हाईवे पेट्रोलिंग टीम दुर्घटना रोकथाम, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सहायता के लिए लगातार गश्त कर रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना दें।










