
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने बड़ा फैसला सुनाया है। NGT ने रायपुर के साथ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भी खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है।

यह कार्रवाई भूजल उपयोग, एसटीपी के शोधन जल के इस्तेमाल, वर्षा जल संचयन और पर्यावरणीय मानकों के पालन से जुड़े मामलों में ट्रिब्यूनल और केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) के नोटिसों का जवाब नहीं देने के कारण की गई है।
NGT की प्रधान पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि देश के कई हिस्सों में जल संकट गंभीर स्थिति में है। इसके बावजूद संबंधित स्टेडियमों ने बार-बार जारी नोटिसों और ई-मेल का संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद ट्रिब्यूनल ने 17 अगस्त 2026 तक इन स्टेडियमों में सभी खेल गतिविधियों पर रोक लगाने का अंतरिम आदेश जारी कर दिया।
मामले में रायपुर स्टेडियम की स्थिति इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि महज 1.25 लाख रुपये की पेनल्टी जमा नहीं होने के कारण यह कार्रवाई हुई। जानकारी के मुताबिक, दो साल से लंबित इस जुर्माने को जमा करने में सरकारी स्तर पर लापरवाही बरती गई। बताया जा रहा है कि संबंधित विभाग ऑनलाइन भुगतान के विकल्प तलाशता रहा, जबकि राशि विभाग में मैन्युअल रूप से जमा की जानी थी।
छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) ने कहा है कि अगली सुनवाई से पहले ट्रिब्यूनल के निर्देशों का पालन किया जाएगा और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएंगे, ताकि स्टेडियम में खेल गतिविधियां दोबारा शुरू हो सकें।
NGT ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियमों को पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन का दोषी नहीं ठहराया गया है, बल्कि आवश्यक जानकारी और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने पर यह अंतरिम रोक लगाई गई है।










