Gariaband News: बाढ़ में फंसे 14 मजदूरों का रेस्क्यू, पूरी रात पेड़ पर बिताई, NDRF ने सुरक्षित निकाला

0
37

गरियाबंद। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बगनई नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण निर्माणाधीन पुल पर काम कर रहे 14 मजदूर फंस गए। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए बचाव अभियान से बड़ा हादसा टल गया।

पूरी रात पेड़ पर बिताई

यह घटना विकासखंड छुरा के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम बीजापाल की है। लगातार बारिश के कारण बगनई नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे पुल निर्माण में लगे मजदूर चारों ओर से पानी में घिर गए। जान बचाने के लिए सभी मजदूर नदी किनारे एक पेड़ पर चढ़ गए और पूरी रात वहीं बिताई।

फंसे हुए मजदूरों में 10 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल थीं।

सुबह शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया, लेकिन रात में नदी का तेज बहाव होने के कारण बचाव अभियान शुरू नहीं किया जा सका। सुबह होते ही गरियाबंद और महासमुंद जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया।

महासमुंद से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सभी 14 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कलेक्टर-एसपी रहे मौके पर मौजूद

रेस्क्यू अभियान के दौरान गरियाबंद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी, थाना प्रभारी और ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने लगातार स्थिति की निगरानी करते हुए बचाव दल को आवश्यक निर्देश दिए।

प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील

सभी मजदूरों के सुरक्षित बाहर आने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here