रायपुर में पहली बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, मोवा आदर्श नगर में घरों में घुसा नाले का पानी

0
32

रायपुर। CG DASTAK 

मानसून की पहली ही तेज बारिश ने रायपुर नगर निगम की तैयारियों और दावों की पोल खोल दी है। शहर के मोवा स्थित आदर्श नगर, स्ट्रीट नंबर-8 में जलभराव और उफनते नाले के कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

बारिश के बाद सड़कें और नाले एक जैसे नजर आने लगे हैं। ऐसे में स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर आने-जाने को मजबूर हैं। रहवासियों का कहना है कि हर साल बारिश से पहले नगर निगम बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन पहली ही बारिश में जल निकासी व्यवस्था की असलियत सामने आ जाती है।

तेज बहाव में नाले में बह गई साइकिल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीती रात तेज बहाव के दौरान एक व्यक्ति की साइकिल नाले में बह गई। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

अतिक्रमण और सफाई नहीं होने से बढ़ी समस्या

रहवासियों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वर्षों से नाले पर अतिक्रमण होता रहा, लेकिन प्रशासन ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पहले 7 से 8 फीट चौड़ा नाला अब कई स्थानों पर सिकुड़कर 4 से 5 फीट रह गया है। इसके अलावा लंबे समय से नाले की सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी कॉलोनी में भर जाता है।

स्थायी समाधान की मांग

आदर्श नगर के रहवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से नाले पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने, नियमित सफाई अभियान चलाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर मानसून में एक जैसी समस्या से जूझना पड़ता है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here