Dhamtari News: 52 गांवों के आदिवासियों का कलेक्ट्रेट घेराव, मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन

0
12

धमतरी। CG DASTAK 

जिले के आदिवासी अंचलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। करीब 52 गांवों के ग्रामीण अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धमतरी पहुंचे और कलेक्ट्रेट घेराव के लिए पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। धरातल पर विकास कार्य नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण बड़ी संख्या में वाहनों के माध्यम से धमतरी पहुंचे। इसके बाद शोभाराम देवांगन चौक के पास एकत्र होकर कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया। प्रशासन और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और रोकने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और पैदल मार्च जारी रखा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास कार्य दिखाई देने चाहिए।

प्रदर्शन में शामिल लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। अनुमान के अनुसार 500 से 2000 के बीच ग्रामीण आंदोलन में शामिल हुए। बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीणों के जुटने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

ग्रामीण कलेक्टर से सीधे मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपने पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक जिला प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुनेगा और समाधान का भरोसा नहीं देगा, तब तक वे वापस नहीं लौटेंगे।

फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं। जिले की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here