
रायपुर। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यभर के बहुमंजिला आवासीय भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कोचिंग सेंटरों, होटलों, लॉज, मॉल और अन्य सार्वजनिक उपयोग के भवनों की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई अग्नि दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए सभी संस्थानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज्यभर में चलेगा विशेष निरीक्षण अभियान
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव विकास शील ने सभी संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों, नगर निगम आयुक्तों, मुख्य नगरपालिका अधिकारियों, अग्निशमन विभाग और संबंधित विभागों को विशेष निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं।
इस अभियान के तहत बहुमंजिला आवासीय भवनों, कोचिंग सेंटरों, ट्यूशन कक्षाओं, होटल, लॉज, मॉल, व्यावसायिक परिसरों और अन्य सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की जाएगी।
इन व्यवस्थाओं की होगी जांच
विशेष ऑडिट के दौरान निम्न बिंदुओं की जांच की जाएगी—
फायर सेफ्टी उपकरण और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता
वैध फायर एनओसी
आपातकालीन निकास मार्ग (Emergency Exit)
भवन की संरचनात्मक सुरक्षा
विद्युत वायरिंग एवं उपकरणों की स्थिति
सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था
प्राथमिक उपचार (First Aid) की सुविधा
पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था
भवन क्षमता के अनुरूप लोगों की संख्या
पार्किंग व्यवस्था
आपदा प्रबंधन एवं निकासी की तैयारी
गंभीर अनियमितता मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री साय ने निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान जहां भी सुरक्षा संबंधी कमियां मिलें, वहां संबंधित संस्थानों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए जाएं। यदि गंभीर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








