
बालोद। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुरुर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के एक कर्मचारी द्वारा हाईटेंशन बिजली टॉवर पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान देवेन्द्र साहू (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में नियमित कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने कोरबा-दल्लीराजहरा मुख्य हाईटेंशन बिजली लाइन के टॉवर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
यह घटना गुरुर थाना क्षेत्र के बोहारडीही गांव की है। स्थानीय लोगों ने बिजली टॉवर पर शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल गुरुर थाना पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।










