
रायगढ़। Cg dustak

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध और जहरीली नकली शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने नकली शराब गिरोह के मुख्य फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी पर ₹10,000 के नगद इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
8 जून को फैक्ट्री का हुआ था खुलासा
गौरतलब है कि 8 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में संचालित अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। छापेमारी के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट से भरे ड्रम, फर्जी ब्रांडेड लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन और री-पैकेजिंग में उपयोग होने वाली मशीनें व अन्य सामग्री जब्त की गई थी।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर नकली शराब का कारोबार संचालित करने की बात कबूल की थी।
चायपत्ती के पानी से तैयार करते थे नकली शराब
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्प्रिट और पानी मिलाकर शराब की मात्रा बढ़ाते थे। रंग हल्का पड़ने पर उसमें चायपत्ती का उबला हुआ पानी मिलाकर असली शराब जैसा रंग दिया जाता था। इसके बाद नकली लेबल और फर्जी होलोग्राम लगाकर बाजार में सप्लाई की जाती थी।
पुलिस ने सुभाष पटेल की निशानदेही पर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम के बड़े बर्तन और हजारों खाली शराब की बोतलें भी बरामद की थीं।
फरार आरोपी के घर नोटिस, अब होगी कुर्की की कार्रवाई
मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर छापेमारी के बाद से फरार है। 17 जून को पुलिस ने उसके विकास नगर स्थित घर पर दबिश दी, लेकिन वह परिवार सहित फरार मिला। इसके बाद पुलिस ने उसके मकान पर कानूनी नोटिस चस्पा कर तीन दिन के भीतर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी थी।
निर्धारित समय बीतने के बाद भी आरोपी के सामने नहीं आने पर अब पुलिस उसकी चल-अचल संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर रही है। इसके लिए राजस्व विभाग और पंजीयन विभाग से आरोपी की संपत्तियों और बैंक खातों का विवरण मांगा गया है।
SSP ने जनता से मांगा सहयोग
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जहरीली नकली शराब का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर के ठिकाने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सही सूचना देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।








