CG News: आयरन केजव्हील वाले ट्रैक्टरों पर सख्ती, सड़क पर चलाने पर होगी चालानी कार्रवाई

0
7

रायपुर। CG DASTAK 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और परिवहन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी क्रम में परिवहन विभाग ने रबर टायर के बिना दोहरे लोहे के पिंजरे (आयरन केजव्हील) वाले ट्रैक्टरों के सामान्य सड़कों पर संचालन पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं।

परिवहन विभाग ने राज्य के सभी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों (RTO) को निर्देश दिए हैं कि ऐसे ट्रैक्टर यदि सार्वजनिक सड़कों पर चलते पाए जाएं तो उनके खिलाफ तत्काल चालानी कार्रवाई की जाए और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

खेतों के लिए बने हैं आयरन केजव्हील

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक्टरों में लगाए जाने वाले आयरन केजव्हील केवल कृषि कार्य और खेतों में उपयोग के लिए बनाए गए हैं। इन्हें रबर टायर के स्थान पर डामर, सीमेंट की सड़कों तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर चलाना मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत है।

सड़कें हो रही हैं क्षतिग्रस्त, दुर्घटना का भी खतरा

लोक निर्माण विभाग के अनुसार ऐसे ट्रैक्टरों के सड़क पर चलने से डामर और सीमेंट की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए परिवहन विभाग ने इस पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा जनजागरूकता अभियान

जिला प्रशासन के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से किसानों और वाहन चालकों को मोटर वाहन नियमों तथा आयरन केजव्हील के सुरक्षित एवं निर्धारित उपयोग की जानकारी दी जाएगी।

मीडिया के माध्यम से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

परिवहन विभाग ने स्थानीय समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना तथा मोटर वाहन नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here