पिता ने बेटी से बात करने से रोका तो युवक ने दोस्तों संग कर दी हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

0
14

बालोद। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। देवरी थाना क्षेत्र के सम्बलपुर (नाहन्दा) गांव में एक पिता को अपनी नाबालिग बेटी से युवक को बात करने से रोकना भारी पड़ गया। नाराज युवक ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

देर रात घर में घुसकर किया हमला

पुलिस के अनुसार, सम्बलपुर निवासी गौकरण साहू अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात छह आरोपी उनके घर में घुस आए और बांस के डंडे तथा लकड़ी के राफ्टर से उनके सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले के दौरान गौकरण साहू की चीख-पुकार सुनकर उनकी 13 वर्षीय बेटी जाग गई। बेटी के उठते ही घर के अंदर मौजूद चार आरोपी और बाहर निगरानी कर रहे दो युवक मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान हुई मौत

गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को तत्काल देवरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बेटी से पूछताछ में खुला पूरा मामला

पुलिस जांच के दौरान मृतक की नाबालिग बेटी से पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि खपराभाटा निवासी भानुप्रताप जैन (18) से उसकी कुछ समय से बातचीत हो रही थी। पिता इस संबंध का लगातार विरोध कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर भानुप्रताप जैन ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

हत्या की धारा जोड़कर सभी आरोपी गिरफ्तार

एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़ित की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी

भानुप्रताप जैन (18), निवासी खपराभाटा – मुख्य आरोपी

नीरज रस्तोगी (18), निवासी टंकी मडौदा, जिला दुर्ग

तुषार निर्मलकर (20), निवासी टंकी मडौदा, जिला दुर्ग

दिनेश ढीमर (25), निवासी टंकी मडौदा, जिला दुर्ग

कुंदन यादव (18), निवासी टंकी मडौदा, जिला दुर्ग

दीपेश पटेल (18), निवासी बहेराभाठा, थाना देवरी, जिला बालोद

पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here