
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के पंडरी कपड़ा मार्केट में नगर निगम ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम पंडरी स्थित पुराने प्रकाश होजियरी होलसेल शॉप पहुंची, जहां नाली को ढंककर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक द्वारा नाली के ऊपर पाटा बनाकर कब्जा कर लिया गया था। इस मामले को लेकर स्थानीय बस्तीवासियों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नाली ढंके होने के कारण उसकी नियमित सफाई नहीं हो पा रही थी, जिससे बारिश के दौरान जल निकासी प्रभावित होती थी और आसपास की बस्ती में जलभराव की स्थिति बन जाती थी।
शिकायत के बाद निगम अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और अवैध निर्माण पाए जाने पर कार्रवाई शुरू कर दी। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक नालियों और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










