महासमुंद की रागनी साहू बनीं Mission ShakthiSAT की नेशनल फाइनलिस्ट, अब चंद्र मिशन में दिखाएंगी प्रतिभा

0
25

महासमुंद। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की छात्रा रागनी साहू ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रागनी का चयन Mission ShakthiSAT के राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। देशभर से केवल 20 छात्राओं का चयन किया गया है, जिनमें रागनी भी शामिल हैं।

120 घंटे की ट्रेनिंग, 550 से अधिक स्पेस लेसन पूरे

रागनी ने वर्ष 2025 में अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से मिशन में पंजीयन कराया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने करीब 120 घंटे की ऑनलाइन ट्रेनिंग, 21 मॉड्यूल और 550 से अधिक स्पेस, सैटेलाइट, विज्ञान और इंजीनियरिंग से जुड़े लेसन सफलतापूर्वक पूरे किए। इसके बाद तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर फाइनलिस्ट बनीं।

22 अगस्त से राष्ट्रीय कार्यशाला में लेंगी हिस्सा

रागनी 22 से 31 अगस्त 2026 तक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित 8 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी। यहां उन्हें सैटेलाइट डिजाइन, पेलोड डेवलपमेंट, स्पेस साइंस, इंजीनियरिंग, नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा।

ISRO से होगा चंद्र मिशन का प्रक्षेपण

इस मिशन के तहत विद्यार्थियों द्वारा दो मून सैटेलाइट विकसित किए जाएंगे। इनमें से एक चंद्रमा की कक्षा में परिक्रमा करेगा, जबकि दूसरा रोवर चंद्रमा की सतह पर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। इन उपग्रहों का प्रक्षेपण 11 अक्टूबर 2026 (अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस) के अवसर पर श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो द्वारा किया जाएगा।

जिले के लिए गौरव की उपलब्धि

कलेक्टर विनय लंगेह, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन और अन्य अधिकारियों ने रागनी साहू, विद्यालय के प्राचार्य जी.आर. सिन्हा तथा अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी चंद्रशेखर मिथलेश को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

यह उपलब्धि न केवल रागनी साहू बल्कि महासमुंद, छत्तीसगढ़ और सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here