
सूरजपुर। CG DASTAK
प्रतापपुर से भाजपा विधायक शकुंतला पोर्ते का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह शराबबंदी और नशामुक्त समाज की वकालत करते हुए कहती नजर आ रही हैं कि, “मेरा बस चले तो पूरे विधानसभा क्षेत्र को शराब मुक्त कर दूं।”
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि किसी व्यक्ति पर शराब छोड़ने का दबाव नहीं बनाया जा सकता, लेकिन समाज और परिवार की भलाई के लिए लोगों को स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से शराब और अन्य नशे की आदतों को छोड़कर सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।
विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा कि यदि एक व्यक्ति भी गलत रास्ते पर जाने से बचता है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। उन्होंने नशामुक्त समाज को मजबूत और विकसित समाज की नींव बताते हुए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
विधायक के इस बयान के बाद प्रदेश में शराबबंदी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।








