FOREX ट्रेडिंग के नाम पर ₹74 लाख की साइबर ठगी, राजस्थान से दो अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

0
23

रायपुर। CG DASTAK 

FOREX ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर 74 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

टेलीग्राम ग्रुप के जरिए बनाया शिकार

पुलिस के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने 17 अप्रैल 2026 को गूगल पर FOREX ट्रेडिंग सर्च किया था। इसके बाद उनका मोबाइल नंबर FIRSTIFY नामक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। ग्रुप के सदस्यों ने अधिक मुनाफे का झांसा देकर उन्हें और उनके भतीजे को निवेश के लिए प्रेरित किया। दोनों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 74 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन न लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई।

तकनीकी जांच से राजस्थान तक पहुंची पुलिस

शिकायत मिलने पर न्यू राजेंद्र नगर थाना में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों, टेलीग्राम आईडी, व्हाट्सएप अकाउंट और डिजिटल ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। चेन एनालिसिस के जरिए आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दो आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार मीणा (26) निवासी जयपुर और संदीप कुमार (24) निवासी सीकर, राजस्थान के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और देशभर में की गई अन्य ठगी की घटनाओं का पता लगाया जा सके। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here