चाकू की नोक पर पिता-पुत्र से लूट, फिर QR कोड से ट्रांसफर कराए ₹28,500; तीन आरोपी गिरफ्तार

0
41

धमतरी। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लूट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले चाकू की नोक पर पिता-पुत्र से 50 हजार रुपये नकद लूट लिए, फिर उन्हें धमकाकर क्यूआर (QR) कोड के जरिए 28 हजार 500 रुपये अपने बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

रास्ता रोककर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, घटना 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे की है। मनीष सोनवानी अपने पिता के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को लेकर ग्राम रिवागहन जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच एक तूफान वाहन में सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पिता-पुत्र के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनके पास मौजूद 50 हजार रुपये नकद लूट लिए।

QR कोड से भी कराए ऑनलाइन ट्रांसफर

वारदात के बाद भी आरोपियों का आतंक खत्म नहीं हुआ। उन्होंने पीड़ितों को डराकर क्यूआर कोड के माध्यम से 28 हजार 500 रुपये अपने बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए और मौके से फरार हो गए।

तकनीकी जांच से पुलिस आरोपियों तक पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों की पहचान कर ली।

वाहन, चाकू, मोबाइल और नकदी बरामद

पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपी नागेंद्र साहू, नीरज ध्रुवंशी और विनय ध्रुवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। कानूनी प्रावधानों के तहत उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here