धमतरी में 75 हजार बोरी धान बीज पर रोक: पान सीड्स में अनियमितता, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

0
26

धमतरी। CG DASTAK 

किसानों के हितों की सुरक्षा और खरीफ सीजन में गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने धमतरी जिले में बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद स्थित पान सीड्स प्राइवेट लिमिटेड में निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर करीब 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने ग्राम बंजारी स्थित कंपनी के बीज प्रोसेसिंग एवं भंडारण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि कंपनी ने बीजों की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग से संबंधित जानकारी विभाग को उपलब्ध नहीं कराई। इसके अलावा लाइसेंस में स्वीकृत किस्मों के अलावा अन्य किस्मों के बीजों का भंडारण और पैकेजिंग भी की जा रही थी।

निरीक्षण के दौरान मिली गड़बड़ियों के बाद परिसर में रखे कच्चे और ग्रेडेड धान बीज के साथ-साथ पैकेजिंग सामग्री के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल रोक लगा दी गई है। वहीं पैक किए गए धान बीज के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

कृषि विभाग ने कंपनी को तीन दिन के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here