
दुर्ग। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में विश्वासघात और चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। अपने प्रेमी की आर्थिक मदद करने के लिए एक युवती ने उसी मकान मालिक के घर में चोरी कर ली, जहां वह पिछले दो वर्षों से केयरटेकर और घरेलू सहायक के रूप में रह रही थी। पुलिस ने आरोपी युवती और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
दो साल तक परिवार का जीता भरोसा
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि सूर्या विहार कॉलोनी, जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2024 में उनकी वृद्ध मां की देखभाल के लिए ममता चौहान को लाइफ होम केयर सर्विस के माध्यम से रखा गया था। मां के निधन के बाद भी ममता परिवार के साथ रहकर घरेलू कामकाज करती रही।
लंबे समय तक घर में रहने के कारण उसे घर की व्यवस्था और अलमारी में रखी नकदी की पूरी जानकारी थी।
शादी की भीड़ का उठाया फायदा
26 और 27 जून को परिवार में भतीजी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान शादी की व्यस्तता और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर ममता ने अलमारी से 24 हजार रुपये निकाल लिए और बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई। बाद में नकदी गायब मिलने पर परिवार ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
रायपुर से प्रेमी समेत गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ममता चौहान और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में ममता ने स्वीकार किया कि उसके प्रेमी को पैसों की जरूरत थी और उसी के कहने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
नकदी और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23,500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।










