
बिलासपुर। Cg dustak
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमू नगर स्थित एक किराए के मकान में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

कमरे में मिले पति-पत्नी के शव
जानकारी के अनुसार, पड़ोसियों ने काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। एक कमरे में पति का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी का शव खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था।
दूसरे कमरे में बंद मिले दो मासूम बच्चे

घटना के दौरान दंपती के दो छोटे बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।










