Kawardha News: नर चीतल के अवैध शिकार का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

0
13

कवर्धा। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ सरकार वन्यजीव संरक्षण को लेकर लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में कवर्धा परियोजना मंडल के बोड़ला क्षेत्र में वन विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ने नर चीतल के अवैध शिकार का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, वन विकास निगम के बोड़ला परियोजना परिक्षेत्र के भलपहरी बीट स्थित जंगल में शिकारियों ने जाल बिछाकर करीब तीन वर्ष के नर चीतल का शिकार किया था। शिकार के बाद आरोपी चीतल का मांस पकाकर आपस में बांटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और सातों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

शिकार में इस्तेमाल सामग्री बरामद

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 500 ग्राम पका हुआ चीतल का मांस, नायलॉन की रस्सी, तीन कुल्हाड़ियां, स्टील के तार, लकड़ी से बने फंदे तथा खून से सना थैला बरामद किया गया। सभी सामग्री को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सघन निगरानी से मिल रही सफलता

वन विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त, मजबूत सूचना तंत्र और विशेष निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि इन प्रयासों के कारण वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है और अवैध शिकार करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

वन्यजीव संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार वन, वन्यजीव और जैव विविधता के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वन विभाग आधुनिक निगरानी प्रणाली और नियमित गश्त के जरिए वन्यजीव अपराधों पर अंकुश लगाने का कार्य कर रहा है।

वन मंत्री ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीवों के अवैध शिकार या वन अपराध की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर प्रदेश की समृद्ध वन्यजीव संपदा का संरक्षण किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here