Balodabazar News: इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल से 3 शिक्षिकाओं की वापसी, 95 बच्चों की पढ़ाई पर संकट

0
11

बलौदाबाजार। CG DASTAK 

बलौदाबाजार जिले के नवीन इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। स्कूल से तीन शिक्षिकाओं को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद 95 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि यदि शिक्षकों को हटा दिया गया तो बच्चों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित होगी।

क्या है पूरा मामला?

राज्य शासन ने शासकीय कार्यालयों में अटैच शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने के निर्देश जारी किए हैं। हालांकि बलौदाबाजार जिले में इस आदेश का असर उन शिक्षकों पर भी पड़ रहा है, जो शासकीय कार्यालयों में नहीं बल्कि स्कूलों में अध्यापन कार्य कर रहे हैं।

नवीन इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल से तीन शिक्षिकाओं को उनके मूल विद्यालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जबकि ये शिक्षिकाएं लंबे समय से स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ा रही थीं।

स्थायी शिक्षकों की नहीं हुई नियुक्ति

इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में अब तक स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो सकी है। फिलहाल दूसरे स्कूलों से व्यवस्था के आधार पर शिक्षकों की सेवाएं ली जा रही थीं। ऐसे में तीन शिक्षिकाओं के वापस जाने से स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी हो जाएगी।

पालकों की बढ़ी चिंता

स्कूल में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, जिन्होंने बेहतर शिक्षा की उम्मीद के साथ यहां प्रवेश लिया है। अभिभावकों का कहना है कि यदि शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो बच्चों का भविष्य प्रभावित होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने नहीं दी प्रतिक्रिया

मामले में जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फिलहाल इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं अभिभावकों ने मांग की है कि शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित कर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने से बचाई जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here