Korba News: बर्थडे पार्टी में खूनी विवाद, युवक को कैंपर से कुचलकर हत्या, आरोपी फरार

0
40

कोरबा। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मीरा रिसोर्ट में शुक्रवार देर रात एक युवक की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, दीपका के ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन मनाने के लिए 20 से 25 युवक मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। देर रात करीब 1:30 बजे किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बताया जा रहा है कि पार्टी में शराब का सेवन किया गया था।

कैंपर से कुचलकर की हत्या

विवाद के दौरान आरोपी तुषार ढांढा ने कथित रूप से कैंपर वाहन उज्जवल सिंह पर चढ़ा दिया। गंभीर चोट लगने से उज्जवल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रिसोर्ट में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया।

परिवार का इकलौता कमाने वाला था मृतक

मृतक उज्जवल सिंह दीपका के गरुणनगर का निवासी था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांढा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कैंपर वाहन जब्त कर लिया गया है तथा रिसोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पार्टी में मौजूद युवकों से भी पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here