
कोरबा। CG DASTAK
कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र स्थित ग्राम जलके में वन विभाग के निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार को लेकर ग्रामीणों और डिप्टी रेंजर के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि डिप्टी रेंजर ने ग्रामीणों को “1 मिनट में उठवा लेने” की धमकी दे डाली। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य और फेंसिंग में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए। इसी दौरान डिप्टी रेंजर अयोध्या सोनी और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि सवाल पूछने पर डिप्टी रेंजर अपना आपा खो बैठे और उन्हें एक मिनट के भीतर उठवा लेने की धमकी दे दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी अधिकारी जनता के सेवक हैं और इस तरह धमकी देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने डिप्टी रेंजर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अब देखने वाली बात होगी कि वन विभाग इस मामले में जांच कर संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई करता है या नहीं।










