
कवर्धा। CG DASTAK
कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के पोलमी बाजार में देर रात चोरों ने एक किराना दुकान और लोक सेवा केंद्र को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान के दो ताले तोड़कर अंदर घुसे और नगदी समेत लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ताले तोड़कर दुकान में घुसा चोर
पीड़ित दुकानदार स्वागत राम शिव ने थाना कुकदूर में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, देर रात अज्ञात चोर दुकान के दोनों ताले तोड़कर अंदर घुसा और दुकान में रखे करीब 50 हजार से 1 लाख रुपये नगद, एक मॉनिटर, मोबाइल से संबंधित सामग्री तथा अन्य स्टेशनरी सामान चोरी कर फरार हो गया।
CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
पीड़ित के मुताबिक, चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में आरोपी पहले स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, लेकिन कुछ देर बाद वह दुकान के अंदर जाकर सीसीटीवी कैमरा बंद कर देता है, जिससे आगे की गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकीं।
दूसरी दुकान में भी चोरी की कोशिश
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी ने दुकान से लगी दूसरी दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सका।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने और क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आरोपी कैमरे में कैद हो चुका है, तो उसकी जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।
देखें वीडियो










