नौगई ट्रिपल मर्डर केस की होगी CBI जांच: छत्तीसगढ़ सरकार ने दी सहमति, पीड़ित परिवार की मांग हुई पूरी

0
11

कोरिया। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नौगई ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राज्य सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने के लिए अपनी सहमति दे दी है। इस फैसले के बाद पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद बढ़ गई है।

परिजनों की मांग पर सरकार का बड़ा फैसला

जानकारी के अनुसार, प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों से चर्चा की। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए CBI जांच की अनुशंसा पर सहमति दे दी।

मृतकों के परिजन घटना के बाद से लगातार CBI जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

16 जून की रात हुआ था तिहरा हत्याकांड

गौरतलब है कि 16 जून की रात कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था।

इस घटना में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की कथित तौर पर वाहन में आग लगाकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल बन गया था।

अब CBI करेगी मामले की जांच

राज्य सरकार की सहमति के बाद अब मामले की जांच CBI को सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि केंद्रीय एजेंसी की जांच से पूरे मामले का खुलासा होगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here