
रायगढ़। Cg dustak
रायगढ़ पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत 49.50 लाख रुपये की चिटफंड धोखाधड़ी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया

महिलाओं को रोजगार और मुनाफे का झांसा देकर की ठगी
पुलिस के अनुसार, ग्राम चैनपुर निवासी बाल कुमारी राठिया ने 5 दिसंबर 2024 को धरमजयगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों ने महिलाओं को स्वरोजगार और अधिक मुनाफे का लालच देकर व्यवसाय से जोड़ा। आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के समूह बनवाकर उनके नाम पर बैंक से ऋण दिलाया गया और दुकानें खुलवाई गईं।
आरोप है कि व्यवसाय और आय पर कंपनी संचालकों ने कब्जा कर लिया तथा महिलाओं से हर महीने 2,700 रुपये देने का वादा भी पूरा नहीं किया। इस मामले में कंपनी के डायरेक्टर अखिलेश सिंह, राजू सिंह, गुड़िया देवी राजपूत, बलराम बंजारा, श्याम सिंह राजपूत सहित अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
धरमजयगढ़ पुलिस इससे पहले इस मामले में आरोपी मंजू चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं अन्य आरोपी अखिलेश सिंह, राजू सिंह और गुड़िया देवी पहले से ही कोरबा जिले में दर्ज धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में जेल में निरुद्ध हैं। उनके खिलाफ भी विधिवत गिरफ्तारी कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है।
ऑपरेशन क्लीन हंट में मिली सफलता
फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने श्याम सिंह राजपूत को जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा से तथा बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को खरसिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी
श्याम सिंह राजपूत (50 वर्ष), निवासी हथनेवरा, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।
बलराम बंजारा उर्फ बल्लू (36 वर्ष), निवासी तिलडेगा (जोराडोल), थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।










