
रायगढ़। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार देर रात हाथियों के दल ने दो गांवों में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान पांच मकानों और एक झोपड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही आम की फसल और घरों में रखा अनाज भी बर्बाद कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

दो दिनों से गांवों में घूम रहा हाथियों का दल
जानकारी के अनुसार, लेलूंगा और कापु क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है। रविवार रात हाथी गांव में घुस आए और कई घरों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के हमले से ग्रामीण पूरी रात दहशत में रहे।
आम की फसल और चावल किया बर्बाद
हाथियों ने एक बगीचे की बाउंड्रीवाल तोड़ दी और आम की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा घरों में रखे चावल के बोरे फाड़कर अनाज भी खा गए। ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। विभाग ने आसपास के एक दर्जन गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
ग्रामीणों में दहशत
लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग रातभर जागकर अपने घरों और फसलों की निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के दल को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने और नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।










