बिलासपुर: पुरानी रंजिश में युवकों पर जानलेवा हमला, पहले मालवाहक से कुचलने की कोशिश, फिर डंडे-तलवार से पीटा

0
13

बिलासपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने पहले तेज रफ्तार मालवाहक वाहन से युवकों को टक्कर मारने की कोशिश की और इसके बाद डंडे, पाइप और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। मामले में सरकंडा पुलिस ने नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे लिंगियाडीह निवासी आदित्य महंत और रवि गंधर्व अपोलो चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान चिंगराजपारा की ओर से तेज रफ्तार में आए एक छोटा हाथी मालवाहक ने उन्हें जानबूझकर टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद वाहन से उतरे बांड्या और बऊवा नामक युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में अमन नायडू भी अपनी कार से मौके पर पहुंच गया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर दोनों युवकों पर डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

दोनों युवक गंभीर रूप से घायल

हमले में आदित्य महंत के सिर, कान और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रवि गंधर्व की आंख और पैरों में गंभीर चोट लगी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान

निखिल ध्रुव की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और पीड़ितों के बयान के आधार पर पुलिस ने सन्नी उर्फ बउवा अहिरवार, संजय उर्फ संजू विश्वकर्मा, मुकेश उर्फ मुक्की यादव, राहुल उर्फ छोटू यादव और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।

तलवार जब्त, कई धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार भी जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3), 331(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here