CG News: अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर जब्त; शिकायत पर हरकत में आया प्रशासन

0
11

रायपुर/CG DUSTAK

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में उपयोग की जा रही 3 जेसीबी मशीनें और 3 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने की।

शिकायत मिलते ही हुई कार्रवाई

खनिज विभाग को देवराजपारा-सधवानी और बंधी-बचरवार क्षेत्र में मुरूम एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन की शिकायत मिली थी। वहीं सिलपहरी क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन की सूचना पर भी टीम ने तत्काल कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान देवराजपारा-सधवानी क्षेत्र से दो जेसीबी, बंधी-बचरवार क्षेत्र से एक जेसीबी तथा सिलपहरी क्षेत्र से रेत परिवहन में लगे तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए। सभी वाहनों को सुरक्षित रूप से पुलिस लाइन अमरपुर में रखा गया है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर प्रशासन सक्रिय

 

बताया गया कि सधवानी के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और कलेक्टर के समक्ष अवैध उत्खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने तत्काल खनिज विभाग को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

कलेक्टर ने दी सख्त चेतावनी

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट कहा है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, निगरानी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

वाहनों के मालिकों पर होगी वैधानिक कार्रवाई

खनिज विभाग के अनुसार जब्त किए गए वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा कराने के बाद ही संबंधित वाहनों को छोड़ा जाएगा।

टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे, नगर सैनिक सतीश साहू सहित जिला खनिज उड़नदस्ता दल के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here