CG News: BSP स्क्रैप चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, लॉकर से ₹50 लाख के गहने और ₹3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज जब्त

0
16

News:दुर्ग। CG DASTAK 

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से संगठित तरीके से स्क्रैप चोरी और अवैध बिक्री के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के लॉकर से करीब 50 लाख रुपये के आभूषण और करीब 3 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को रिमांड के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

फ्लू डस्ट की आड़ में हो रही थी स्क्रैप चोरी

पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर हथखोज स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान फ्लू डस्ट की आड़ में भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप का अवैध भंडारण और परिवहन किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान करीब 250 टन लोहे की प्लेट, बीम और स्क्रैप, परिवहन में प्रयुक्त वाहन एवं मशीनरी सहित लगभग 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।

मुख्य आरोपी यूपी से गिरफ्तार

विवेचना के दौरान फरार मुख्य आरोपी संजय सिंह को उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार किया गया। सात दिन की पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा और आकाश कुमार सिंह की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद दोनों को भी गिरफ्तार किया गया।

लॉकर से मिले करोड़ों के दस्तावेज और गहने

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी से अर्जित रकम को अचल संपत्तियों और आभूषणों में निवेश किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के लॉकर से करीब 50 लाख रुपये के आभूषण और 3 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी अक्षय कुमार से भी संपत्ति संबंधी दस्तावेज मिले हैं, जिनका मूल्यांकन किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी करेगी।

फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर सीन रिक्रिएशन कराया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान स्क्रैप परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों की फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई है।

अब तक इस मामले में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here