
रायपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कोरबा जिले में एक हिट एंड रन मामले में जिला अस्पताल के एमबीबीएस सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए।
जशपुर में बोलेरो ने स्कूटी सवार को कुचला
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। आरोपी चालक की तलाश जारी है।
कोरबा में ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के शक्ति मुख्य मार्ग पर आमापाली के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर (CG 11 AH 8945) ने एक्टिवा सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी आधिकारिक रूप से नहीं हो सकी है, हालांकि उसके पास मिले दस्तावेज में रायगढ़ जिले के पटेलपाली निवासी गजानन चौहान का नाम दर्ज है। पुलिस पहचान की पुष्टि और मामले की जांच कर रही है। ट्रैक्टर चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया।
सरगुजा में कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में रामगढ़ ढाबा के पास कार और ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक सवार को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। दुर्घटना में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिट एंड रन: डॉक्टर को कुचलने की कोशिश का आरोप
कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ एमबीबीएस सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी दो पसलियां और अंगूठा फ्रैक्चर हो गया।
डॉ. डिक्सेना ने आरोप लगाया है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी नाबालिग चालक ने वाहन को पीछे कर उन पर चढ़ाने की भी कोशिश की। उन्होंने किसी तरह खेत की ओर भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी नाबालिग के वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।








