CG News: नौगई तिहरे हत्याकांड पर गरमाई सियासत, मंत्री रामविचार नेताम ने परिजनों से की मुलाकात; CBI जांच और बुलडोजर कार्रवाई की उठी मांग

0
12

News:कोरिया। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। इसी बीच प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम नौगई गांव पहुंचे और मृतक भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिलाया।

परिजनों ने रखीं प्रमुख मांगें

मुलाकात के दौरान मृतक के परिजनों ने घटना में शामिल आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई, मामले की सीबीआई जांच तथा फरार आरोपियों सहित अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। मंत्री रामविचार नेताम ने परिजनों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, शैलेश शिवहरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जानिए क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, सोनहत के नौगई गांव में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के रिश्तेदार द्वारा नौगई रेत घाट का ठेका लिया गया था। रेत के अवैध खनन को लेकर उनका भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

16 जून की देर रात आरोपियों ने भरत सिंह की फॉर्च्यूनर कार को हाईवा वाहनों से घेर लिया और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। कार में भरत सिंह, उनके भाई नागेंद्र सिंह, मयंक सिंह, योगेंद्र सिंह और रायपुर निवासी विरेंद्र सिंह सवार थे।

घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह इस घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

8 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब तक अक्षतत्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, मनोज त्रिपाठी सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here