CG News: ‘गधहाभाटा’ से ‘सोनपुर’ बना गांव, वर्षों की शर्मिंदगी खत्म; डिप्टी CM विजय शर्मा ने सौंपा राजपत्र

0
31

News:कवर्धा। CG DASTAK 

कबीरधाम जिले के एक गांव की वर्षों पुरानी पहचान अब इतिहास बन गई है। लंबे समय तक अपने नाम को लेकर उपहास और शर्मिंदगी झेलने वाले गधहाभाटा गांव का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर सोनपुर कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ शासन ने नाम परिवर्तन का राजपत्र (गजट) भी जारी कर दिया है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम सोनपुर पहुंचे और ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपकर नई पहचान की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ गांव का नाम बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव के सम्मान और विकास की नई शुरुआत है।

उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान गांव के विकास के लिए 7.50 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब सोनपुर की पहचान केवल नए नाम से नहीं, बल्कि तेज़ी से होने वाले विकास कार्यों से भी बनेगी।

ग्रामीणों ने बताया कि पहले गांव का नाम गधहाभाटा होने के कारण उन्हें कई बार सामाजिक उपहास का सामना करना पड़ता था। लोग नाम सुनकर मजाक उड़ाते थे, जिसका असर सामाजिक प्रतिष्ठा, बच्चों की पढ़ाई और विवाह संबंधों तक पर पड़ता था। अब गांव का नाम सोनपुर होने से वे गर्व के साथ अपनी पहचान बता सकेंगे।

ग्रामीणों ने गांव का नाम परिवर्तन कराने के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला उनके सम्मान और आत्मविश्वास को नई पहचान देने वाला साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here