CG News: सूरजपुर के जंगल में एक साथ 3 भालुओं की मौत, करंट लगने की आशंका; वन विभाग ने शुरू की जांच News:

0
20

सूरजपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र स्थित झिंगरामाड़ा जंगल में एक साथ तीन भालुओं के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मृत भालुओं में एक मादा, एक नर और एक शावक शामिल हैं। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर जंगल में गिर गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से तीनों भालुओं की मौत हुई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल पर ही तीनों भालुओं का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद वन्यजीव संरक्षण के निर्धारित प्रावधानों के तहत तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।

वन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यदि जांच में करंट लगने से मौत की पुष्टि होती है, तो बिजली लाइन की सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित जिम्मेदारियों की भी जांच की जाएगी। साथ ही वन विभाग आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

इस घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगलों से गुजरने वाली विद्युत लाइनों के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here