
रायपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकारी अस्पतालों में सप्लाई की जा रही कथित अमानक, नकली और निम्न स्तरीय दवाओं के मामले को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले कई महीनों से सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली दवाओं की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और विभिन्न शिकायतों के आधार पर यह मामला गंभीर चिंता का विषय बन गया है। कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक स्वतंत्र कमेटी गठित की जाए।
कांग्रेस का आरोप है कि छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन समय-समय पर ड्रग टेस्टिंग लैब की रिपोर्ट के आधार पर अपनी सप्लाई की गई कुछ दवाओं को अमानक बताते हुए वापस मंगाता रहा है। ऐसे मामलों में दवाओं पर रोक लगने से पहले बड़ी संख्या में मरीज इनका उपयोग कर चुके होते हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा भी कई बार दवाओं की गुणवत्ता को लेकर आशंकाएं व्यक्त की गई हैं। कांग्रेस का आरोप है कि इन शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी दावा किया कि कई जगहों पर दवाओं के उचित भंडारण (स्टोरेज) की व्यवस्था नहीं होने से उनकी गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि सरकारी अस्पतालों में सप्लाई की जा रही दवाओं की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया जाए तथा यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
हालांकि, मामले में संबंधित विभाग या राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










